Lucknow News: बिजली संकट पर CM योगी सख्त, आज ऊर्जा विभाग के अफसरों संग करेंगे अहम बैठक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब खुद मोर्चा संभालने जा रहे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने राजधानी लखनऊ में ऊर्जा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। यह बैठक उनके सरकारी आवास पर दोपहर 3:30 बजे शुरू होगी।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ऊर्जा विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि सीएम योगी बिजली आपूर्ति में आ रही दिक्कतों और विभागीय कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि प्रदेशभर से बिजली कटौती को लेकर लोगों की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में लोग घंटों बिजली न आने से परेशान हैं। हालात यह हैं कि शहरी क्षेत्रों में भी अब अनियमित आपूर्ति आम बात हो गई है।
इसी मुद्दे को लेकर एक दिन पहले प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वे बिजली विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताते नजर आए थे। वीडियो में मंत्री अफसरों से जवाब मांगते और तगड़े शब्दों में फटकार लगाते दिखे।
अब मुख्यमंत्री योगी द्वारा बुलाई गई इस समीक्षा बैठक से साफ है कि सरकार बिजली संकट को लेकर सतर्क हो गई है और जल्द से जल्द हालात सुधारने के प्रयास में जुट गई है। बैठक के बाद कोई बड़ा फैसला या दिशा-निर्देश जारी होने की संभावना भी जताई जा रही है।
Also Read: Mau News: ऊर्जा मंत्री का अधिकारियों पर फिर फूटा गुस्सा, रामायण का उदाहरण देकर दी कड़ी चेतावनी

