Siddharthnagar News: कड़सरा गांव के किसान चकबंदी के काम से संतुष्ट
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जिले के ग्राम-कड़सरा (तप्पा-रूघौली, परगना-बॉसी पूरब, तहसील-बॉसी) में चकबंदी कार्यों को लेकर किसानों में संतोष देखने को मिला है। शुक्रवार को गाँव में हुई ग्राम चौपाल चकबंदी बैठक के दौरान किसानों ने बताया कि उन्हें चकबंदी के कामों से कोई खास समस्या नहीं है। यह बैठक धारा 52 के प्रकाशन से पहले किसानों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए आयोजित की गई थी।
चकबंदी आयुक्त के आदेश पर हुई ग्राम चौपाल
बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी सिद्धार्थनगर डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि यह कार्यक्रम चकबंदी आयुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर डॉ. राजागणपति आर. के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था। इस चौपाल का मकसद किसानों से सीधे संवाद स्थापित करना था। डॉ. बघेल ने यह भी जानकारी दी कि पड़ोसी गाँव परसा तौफीर और लेहड़ा उर्फ रामनगर के किसानों ने भी अपने गाँवों में चकबंदी प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।

समस्याओं के तुरंत समाधान का आश्वासन
ग्राम-कड़सरा में आयोजित इस चकबंदी समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) / उप संचालक चकबन्दी सिद्धार्थनगर डॉ. ज्ञान प्रकाश, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी सिद्धार्थनगर डॉ. संतराज सिंह, चकबन्दी अधिकारी बॉसी शरद कुमार सिंह, सहायक चकबन्दी अधिकारीगण सुनील गुप्ता, रफीक अहमद, एहतेशाम अहमद, चकबन्दीकर्ता रवीन्द्र सिंह, चकबन्दी लेखपाल मोहन, ग्राम प्रधान धर्मराज, चकबन्दी समिति के पदाधिकारीगण और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
बैठक में यह सामने आया कि गाँव के अधिकांश किसान चकबंदी कार्यों से संतुष्ट हैं। हालांकि, 17 किसानों ने अपनी जमीन की दोबारा पैमाइश की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर गाँव में अभियान चलाकर इन किसानों की समस्याओं का निदान किया जाएगा।
रिपोर्ट: जाकिर खान

