Barabanki News: बेटे-बहू की फंदे से लटकी मिली लाश, एक दिन पहले घर में हुआ था झगड़ा, गर्भवती थी महिला, पुलिस जांच में जुटी
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी के देवा कोतवाली क्षेत्र से रविवार सुबह एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। नया पुरवा गांव में एक दंपती अपने ही घर में फंदे से लटके मिले। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय रोहित सोनी और उसकी पत्नी 27 वर्षीय मुन्नी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुन्नी गर्भवती थी और दंपती का एक चार साल का बेटा भी है।
शनिवार को घर में हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को रोहित, उसकी पत्नी मुन्नी और मां के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस बहस के दौरान रोहित ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद रोहित को कमरे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने उसे शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया। मुचलका भरने के बाद वह रात को वापस घर लौट आया।
अगले ही दिन सुबह जब काफी देर तक रोहित और मुन्नी अपने कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजन परेशान हो उठे। आवाजें देने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो मोहल्ले के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। भीतर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए—रोहित और मुन्नी दोनों फंदे से लटके हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी अपनी टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरे घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य एकत्र किए।
हत्या या आत्महत्या? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
प्राथमिक जांच में दो संभावनाएं सामने आई हैं—या तो पहले किसी एक ने आत्महत्या की और दूसरे ने उसे देखकर जान दे दी, या फिर किसी एक की हत्या करके खुदकुशी की गई। इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।कोतवाल अजय त्रिपाठी ने बताया कि हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है। मृतका गर्भवती थी, और उनका चार साल का बेटा घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। एक ओर घर के बुजुर्ग अपने बेटे-बहू को खोने का ग़म झेल रहे हैं, तो दूसरी ओर एक मासूम बच्चा माता-पिता से अनाथ हो गया है। हर कोई यही सवाल कर रहा है—आख़िर ऐसा क्या हुआ था कि एक साथ दो जानें चली गईं?
Also Read: PM मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने, ट्रंप और अन्य दिग्गज छूटे पीछे

