Lucknow News: डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी, विभूतिखंड थाने में FIR दर्ज

महिला अपमान और सांप्रदायिकता फैलाने के आरोप में केस, जांच शुरू

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना साजिद के खिलाफ लखनऊ के विभूतिखंड थाने में केस दर्ज किया गया है। यह मामला सपा कार्यकर्ता की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जिसमें मौलाना पर महिला विरोधी और सांप्रदायिकता भड़काने वाले बयान देने का आरोप है।

क्या है पूरा मामला?

सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी एवं मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव को लेकर मौलाना साजिद ने हाल ही में टीवी चैनल, मीडिया और सार्वजनिक मंच से कुछ आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की थीं। इसके खिलाफ प्रवेश यादव, जो चिनहट के विकल्पखंड स्थित गंगोत्री लेक व्यू अपार्टमेंट में रहते हैं और सपा कार्यकर्ता हैं, उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के अनुसार, FIR में BNS की धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्द, इशारे या कृत्य) समेत कई अन्य धाराएं लगाई गई हैं। रविवार को केस दर्ज करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

महिलाओं का अपमान, बर्दाश्त नहीं- सपा सांसद अवधेश प्रसाद

डिंपल यादव पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर सपा के वरिष्ठ नेता और अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा “डिंपल यादव देश की करोड़ों महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं। उनके खिलाफ मौलाना का बयान बेहद घटिया और निंदनीय है। ऐसा बयान कोई पागल ही दे सकता है।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसे बयान न सिर्फ महिलाओं का अपमान हैं, बल्कि समाज में जहर घोलने की कोशिश भी।

FIR में दर्ज मुख्य आरोप

  • महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने की नीयत से की गई टिप्पणी
  • सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने की कोशिश
  • सार्वजनिक मंच और मीडिया का दुरुपयोग
  • समाज में तनाव और भ्रम फैलाने वाला भाषण

पुलिस कर रही जांच, हो सकती है जल्द गिरफ्तारी

पुलिस का कहना है कि मौलाना साजिद के बयानों की वीडियो फुटेज और टीवी चैनलों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर हैं और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: योगी आदित्यनाथ बने यूपी के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री, तोड़ा 70 साल पुराना रिकॉर्ड

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.