ट्रंप ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को टाला, जानें नई तारीख
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के लिए एक बड़ा झटका देते हुए भारतीय आयात पर 25% का टैरिफ (आयात शुल्क) लगा दिया है। हालांकि, इसे तुरंत लागू नहीं किया गया है। ट्रंप सरकार ने इस फैसले को एक हफ्ते के लिए टाल दिया है, जो अब 1 अगस्त की बजाय 7 अगस्त से प्रभावी होगा।
क्यों लगाया गया यह टैरिफ
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में इस फैसले की वजह बताई। उन्होंने लिखा कि भारत हमेशा से रूस से बड़ी मात्रा में हथियार खरीदता आया है, और अब चीन के साथ मिलकर रूस से ऊर्जा का भी सबसे बड़ा खरीदार बन गया है। ट्रंप का मानना है कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने की उम्मीद कर रही है, भारत का यह रवैया सही नहीं है। उन्होंने कहा, ये चीजें अच्छी नहीं हैं, और इसी वजह से भारत पर 25% टैरिफ के साथ-साथ एक अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जाएगा।
भारत और पाकिस्तान पर टैरिफ में अंतर
ट्रंप ने भारत के अलावा 92 और देशों पर नए टैरिफ लगाए हैं। इनमें भारत पर 25% और पाकिस्तान पर 19% का टैरिफ लगाया गया है। गौरतलब है कि पहले पाकिस्तान पर यह टैरिफ 29% था, जिसे अब घटाकर 19% कर दिया गया है। वहीं, दुनिया में सबसे ज़्यादा टैरिफ सीरिया पर लगाया गया है, जो 41% है। इस लिस्ट में चीन का नाम शामिल नहीं है।
विपक्ष ने उठाए सवाल
इस फैसले पर भारत में भी हंगामा मच गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को देश चलाना नहीं आता और इस सरकार ने देश की पूरी अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
Also Read: मालेगांव ब्लास्ट केस: मोहन भागवत को गिरफ्तार करने का आदेश था, पूर्व ATS अधिकारी का सनसनीखेज दावा

