उपराष्ट्रपति चुनाव का ऐलान: 9 सितंबर को होगा मतदान, 21 अगस्त तक नामांकन

Sandesh Wahak Digital Desk: देश के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव का रास्ता अब साफ़ हो गया है। चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति पद के उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यह चुनाव 9 सितंबर को होगा, जबकि इसके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त तय की गई है।

चुनाव की पूरी प्रक्रिया

चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, 21 अगस्त तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। अगर ज़रूरत पड़ी तो 9 सितंबर को मतदान होगा और उसी दिन वोटों की गिनती के बाद नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।

क्यों हो रहा है चुनाव

यह उपचुनाव देश के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की वजह से हो रहा है। उन्होंने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे एक पत्र में कहा था कि वे अपनी सेहत को प्राथमिकता देते हुए तुरंत प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं।

जगदीप धनखड़ को भाजपा ने 16 जुलाई, 2022 को एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था। 6 अगस्त 2022 को हुए चुनाव में उन्होंने विपक्षी उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को बड़े अंतर से हराया था।

Also Read: Bihar Election: नई वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 1 सितंबर तक दर्ज कराएं आपत्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.