ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र, अनुप्रिया ने कहा- आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan Samman Nidhi) के तहत शनिवार को आजमगढ़ जिले के लगभग 6 लाख 86 हज़ार किसानों के खातों में 20वीं किस्त की धनराशि जारी कर दी गई। इस राशि से किसान खाद, बीज और अन्य कृषि जरूरतों की खरीदारी कर सकेंगे। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने हरिऔध कला केंद्र में आयोजित ‘किसान उत्सव’ कार्यक्रम में शिरकत की और सरकार की किसान-हितैषी योजनाओं का जिक्र किया।
कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “अगर विपक्ष के नेता भारत-विरोधी ताकतों की भाषा बोलते हैं, तो यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।” उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि “आतंकवाद के खिलाफ हमारी सरकार की नीति स्पष्ट है और हमने इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।”
“किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में जुटी सरकार”
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि खेती को मजबूती देने के लिए सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। पंचायत चुनावों की तैयारियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि “पार्टी ने जिला कमेटी का गठन कर लिया है और कार्यकर्ताओं को पूरा मौका दिया जाएगा।” साथ ही, उन्होंने मतदाता सूची में फर्जी मतदाताओं को हटाने की बात कही, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि “यह मामला अदालत में है, इसलिए सभी को न्यायालय के फैसले का इंतजार करना चाहिए।”
“एनडीए और अपना दल के बीच कोई दरार नहीं”
राजनीतिक गठबंधन पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि “एनडीए और अपना दल (एस) के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है।” महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा के मुद्दे पर अनुप्रिया पटेल ने कहा कि “चाहे कोई महिला सांसद हो या आम नागरिक, किसी के भी विरुद्ध गलत भाषा का प्रयोग निंदनीय है।” उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ऐसी हरकतों की कड़ी निंदा करती है।
क्या है PM किसान सम्मान निधि योजना?
इस योजना के तहत हर साल किसानों के खाते में 6,000 रुपये की तीन किश्तों (2,000-2,000 रुपये) में सीधे भेजे जाते हैं। इसका उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है ताकि वे फसल उत्पादन में आने वाले खर्चों को पूरा कर सकें।
Also Read: Lucknow News: इंदिरानगर के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

