Lucknow News: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में “दीक्षारंभ 2025” का भव्य आयोजन, उच्च शिक्षा मंत्री ने छात्रों को दी प्रेरणा
Sandesh Wahak Digital Desk: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ में आज केंद्रीकृत छात्र अभिविन्यास कार्यक्रम “दीक्षारंभ 2025” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत करना और उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षिक वातावरण, दिशा-निर्देशों तथा सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराना रहा।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय रहे मुख्य अतिथि
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को समग्र शिक्षा, मूल्य आधारित अध्ययन, मेहनत और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने भारतीय संस्कृति और नई शिक्षा नीति की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए छात्रों से आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं विश्वविद्यालय के संस्थापक-कुलाधिपति प्रो. सैयद वसीम अख्तर ने छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया और विश्वविद्यालय की स्थापना, मूल्यों एवं विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण) दानिश आज़ाद अंसारी ने छात्रों को विश्वविद्यालय के समावेशी और प्रगतिशील माहौल का लाभ उठाने का संदेश दिया।

इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित हुआ केंद्रीय अभिविन्यास कार्यक्रम
कुलपति प्रो. जावेद मुसर्रत ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी की नवीन शैक्षिक नीतियों, नवाचार और नेतृत्व निर्माण की दिशा में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल जमीरुद्दीन शाह ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।
इस अवसर पर इंटीग्रल स्टार्टअप फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक डॉ. निदा फातिमा, इंटीग्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज़ एंड रिसर्च के कार्यकारी निदेशक सैयद अदनान अख्तर, इंटीग्रल मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च के कार्यकारी निदेशक सैयद फौज़ान अख्तर और चांसलर के प्रमुख सलाहकार प्रो. फुरकान क़मर ने भी अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मुनव्वर आलम खालिद के स्वागत भाषण से हुआ, जबकि रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. सबा सिद्दीकी (IIAST) ने प्रभावशाली अंदाज़ में किया।
इंटीग्रल यूनिवर्सिटी अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता, आधुनिक सुविधाओं और समावेशी शिक्षा प्रणाली के कारण उच्च शिक्षा के क्षेत्र में न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में प्रेरणास्रोत बनती जा रही है।
Also Read: Lucknow News: जलकल विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महापौर ने किया सम्मानित

