14वीं बार पैरोल पर बाहर आया डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम, 40 दिन की मिली राहत
Sandesh Wahak Digital Desk: रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक बार फिर पैरोल मिल गई है। इस बार उन्हें 40 दिनों के लिए जेल से बाहर आने की अनुमति दी गई है। पिछले चार साल में यह 14वीं बार है जब राम रहीम पैरोल या फरलो के जरिए जेल से बाहर आए हैं।
भारी पुलिस सुरक्षा के बीच राम रहीम को सीधे सिरसा डेरे ले जाया गया। इससे पहले 9 अप्रैल 2025 को उन्हें 21 दिन की फरलो दी गई थी, जब वह जेल से बाहर आए थे। 29 अप्रैल को डेरा सच्चा सौदा के स्थापना दिवस से पहले भी उन्हें विशेष अनुमति दी गई थी।
रेप मामले में हो चुकी है 20 वर्ष की सजा
गुरमीत राम रहीम पर साध्वियों से यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या का दोष सिद्ध हो चुका है। अगस्त 2017 में सीबीआई की विशेष अदालत ने दो साध्वियों से रेप के मामले में उन्हें 20 साल की कैद की सजा सुनाई थी। वहीं 2019 में पत्रकार हत्याकांड में उन्हें उम्रकैद की सजा मिली। फिलहाल वह चंडीगढ़ से करीब 250 किलोमीटर दूर रोहतक की हाई-सिक्योरिटी सुनारिया जेल में कैद हैं।
चर्चा है कि अपने बड़े अनुयायी आधार और वोटों पर प्रभाव के कारण राम रहीम को वर्षों से हरियाणा व पंजाब के कई राजनीतिक दलों का संरक्षण प्राप्त रहा है। चुनावी समय या विशेष अवसरों पर उन्हें लगातार पैरोल मिलना भी इसी वजह से सवालों के घेरे में रहा है। अक्टूबर 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव से महज चार दिन पहले भी उन्हें 30 दिन की पैरोल दी गई थी।
हाल ही में हाईकोर्ट ने राम रहीम की अपनी दत्तक बेटियों की शादी में शामिल होने की याचिका खारिज कर दी थी। इसके बावजूद उन्हें अब फिर से लंबी अवधि की पैरोल मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है।
Also Read: यूपी में बारिश ने तोड़े रिकॉर्ड, तराई और पूर्वांचल में बाढ़ जैसे हालात, कई जिलों में अलर्ट जारी

