Siddharthnagar News: दाढ़ी बनवाते युवक पर उस्तरे से हमला, हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया बाजार में एक सैलून संचालक ने एक युवक पर दाढ़ी बनाते समय धारदार उस्तरे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवक की हालत गंभीर है और उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

यह वारदात शुक्रवार देर शाम हुई। चांदे गडिया गाँव के 21 वर्षीय विशाल, तिघरा गांव के 22 वर्षीय सैलून संचालक अशोक के पास दाढ़ी बनवाने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विशाल और अशोक के बीच किसी लड़की को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। जैसे ही विशाल सैलून पहुंचा, दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। अशोक ने कहा कि वह लड़की मुझसे प्यार करती है, तुम उससे बात मत करो। इसके जवाब में विशाल ने कहा, वह तुमसे नहीं, मुझसे प्यार करती है।
इसी बात से गुस्सा होकर अशोक ने विशाल के गले और पेट पर उस्तरे से कई वार कर दिए। पेट पर लगभग 4 इंच गहरा घाव हो गया। लहूलुहान विशाल जमीन पर गिर पड़ा।
पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चेतिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी डॉक्टर के पास ले गई। लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल विशाल के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने इस जानलेवा हमले को सिर्फ “मारपीट” की धाराओं में दर्ज किया है। विशाल के भाई का कहना है कि यह हत्या का प्रयास था, लेकिन पुलिस आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों के हौसले बढ़ेंगे। वहीं, मिश्रौलिया के थानाध्यक्ष प्रिंस श्रीवास्तव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पीड़ित पक्ष ने जिस तरह की तहरीर दी थी, उसी के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Lucknow News: खोए मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे, लखनऊ पुलिस को कहा- धन्यवाद

