Sultanpur News: सुल्तानपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, माह भर पहले किया था प्रेम विवाह
Sultanpur News: सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थानाक्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात परशुराम स्थित चेरे मिश्र का पुरवा गांव में उस समय हुई जब मृतक शौच के लिए घर से बाहर गया हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी और परिवार में कोहराम मच गया।
आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मित्तू के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह सुबह घर से बाहर गया था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल मित्तू को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मौके पर जांच शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप बेटे को मिल रही थी धमकी
परिजनों का कहना है कि मित्तू ने करीब एक माह पहले ही प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही लड़की का भाई उसे लगातार धमकियां दे रहा था। परिजनों को आशंका है कि हत्या में लड़की के भाई या उसके सहयोगियों का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू
घटना के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया और संभावित आरोपियों की तलाश में दबिश दी। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं, ताकि हत्या के पीछे की साजिश और आरोपियों की पहचान की जा सके।
मुकदमा दर्ज किया जाएगा
कुड़वार थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस हत्या ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को दहला दिया है।
Also Read: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के पास भी दो वोटर ID, तेजस्वी ने चुनाव आयोग से किया सवाल

