हम अब वो हथियार बना रहे हैं, जो पहले विदेशों से खरीदते थे: राजनाथ सिंह
Sandesh Wahak Digital Desk: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज हम उन हथियारों का निर्माण कर रहे हैं, जिन्हें हम पहले दूसरे देशों से खरीदते थे। बेंगलुरु में ‘ब्रह्मा’ (BEML रेल हब) के भूमि पूजन समारोह में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमारा रक्षा निर्यात अब 24,000 करोड़ रुपए सालाना तक पहुंच गया है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
ऑपरेशन सिंदूर पर भी बोले रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री ने हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि पहलगाम में आतंकवादियों ने बेकसूर लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी। उन्होंने सोचा था कि भारत शांत बैठ जाएगा, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने कड़ा जवाब देने का संकल्प लिया। राजनाथ सिंह ने कहा, हमने दुनिया को साफ संदेश दिया है कि हम किसी को छेड़ते नहीं, लेकिन अगर कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे भी नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि हमने उनका धर्म देखकर नहीं, बल्कि कर्म देखकर उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाया।
नई फैक्ट्री से रोजगार और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
बीईएमएल की इस नई फैक्ट्री के महत्व पर बात करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि यह परियोजना भविष्य में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। इससे छोटे और बड़े उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति में रक्षा क्षेत्र आज एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Also Read: UP: विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से, पहली बार लगेगी एआई पाठशाला

