‘मेरे पति के हत्यारे अतीक को CM योगी ने मिट्टी में मिलाया’, विधानसभा में सपा MLA पूजा पाल ने की योगी की तारीफ
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा में ‘विज़न डॉक्यूमेंट 2047’ पर चल रही 24 घंटे की मैराथन चर्चा के दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया। समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल ने सदन में बोलते हुए अपनी पार्टी की नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। उन्होंने माफिया अतीक अहमद और उनके गैंग पर की गई कार्रवाई के लिए सीएम योगी का धन्यवाद किया।
‘मुख्यमंत्री ने मुझे तब न्याय दिलाया जब कोई नहीं था’
सदन में बोलते हुए पूजा पाल भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “मैंने अपना पति खोया है। सब जानते हैं कि मेरे पति की हत्या कैसे हुई और किसने की। मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे न्याय दिलाया और मेरी बात तब सुनी जब किसी ने नहीं सुनी।” उन्होंने आगे कहा कि प्रयागराज में मुख्यमंत्री ने मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया और अपराधियों को दंड दिया। पूजा पाल ने योगी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का समर्थन करते हुए कहा कि इसी के चलते अतीक अहमद जैसे अपराधियों को मिट्टी में मिलाया गया है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, “मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया।”
सपा विधायक की तारीफ पर खुद सपा में मचा हंगामा
पूजा पाल ने सपा विधायक होते हुए भी योगी सरकार के साथ मजबूती से खड़े होने का संकेत दिया। जब वह सदन में बोल रही थीं, तब उनकी ही पार्टी के कुछ सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बावजूद, पूजा पाल ने अपनी बात जारी रखी और कहा कि आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर विश्वास से देखता है। उन्होंने कहा, “मैंने तब आवाज उठाई जब मैंने देखा कि कोई भी अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ लड़ना नहीं चाहता। जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया।”
माफिया अतीक से थी पुरानी दुश्मनी
गौरतलब है कि पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या साल 2005 में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों ने की थी। यह हत्या उनकी शादी के महज 9 दिन बाद ही कर दी गई थी। इस हत्याकांड के पीछे की वजह चुनावी रंजिश थी। दरअसल, साल 2004 में हुए विधानसभा चुनाव में राजू पाल ने अतीक के भाई अशरफ को हरा दिया था, जिसके बाद से दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी। राजू पाल की हत्या के बाद उनकी पत्नी पूजा पाल ने यह लड़ाई जारी रखी। अब अतीक अहमद और उसके बेटे के एनकाउंटर के बाद, पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है।

