Lucknow: समर विहार कॉलोनी की अनूठी परंपरा, बुजुर्गों ने फहराया तिरंगा और युवाओं को बताया आजादी का इतिहास
Sandesh Wahak Digital Desk: हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राजधानी लखनऊ के आलमबाग स्थित समर विहार कॉलोनी में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर, कॉलोनी के सबसे वृद्ध निवासी, सेवानिवृत्त संतोष श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया।
झंडारोहण के बाद, समर विहार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष के एस एबट ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में लखनऊ की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राजधानी के ऐतिहासिक धरोहर रेजिडेंसी में हुए स्वतंत्रता संग्राम की सुनहरी गाथा आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज है। एबट ने बताया कि 1857 के गदर के दौरान, आजादी के मतवालों ने अंग्रेजों के गढ़ रेजीडेंसी पर 86 दिनों तक कब्जा जमाए रखा था।
इस दौरान उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडे, नाना साहब, बेगम हजरत महल और मौलवी अहमद उल्लाह शाह जैसे अनेक वीरों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ की रेजिडेंसी से बेगम हजरत महल और मौलवी अहमद उल्लाह शाह का एक खास जुड़ाव है। मौलवी अहमद उल्लाह शाह जेल तोड़कर इस क्रांति में शामिल हुए थे।
समारोह में कॉलोनी निवासी रवि श्रीवास्तव ने आजादी पर आधारित एक कविता सुनाकर सबका मन मोह लिया, वहीं पूर्व पार्षद गिरीश मिश्रा ने भी स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस कार्यक्रम में एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पीसी श्रीवास्तव, महासचिव आई एस कुलश्रेष्ठ समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।
Also Read: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सीएम योगी ने मथुरा-वृंदावन को दी विकास परियोजनाओं की सौगात

