Gorakhpur News: गोरखपुर से अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी

Gorakhpur News: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुंबई के एक प्रमुख ड्रग तस्कर को गोरखपुर से गिरफ्तार किया है। यह तस्कर पिछले एक साल से उत्तर प्रदेश के बस्ती में छिपा हुआ था और यहीं से अपने पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। रविवार शाम को डीआरआई की टीमों ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की, जिसमें कुल सात गुर्गों को पकड़ा गया।

मुख्य किरदार की जानकारी मिली

यह ऑपरेशन तब शुरू हुआ जब 16 अगस्त को भोपाल के जगदीशपुर (इस्लामनगर) में एक गुप्त ठिकाने पर छापा मारा गया। इस छापेमारी में करीब 92 करोड़ रुपये मूल्य का 61.20 किलोग्राम मेफेड्रोन (तरल रूप में) बरामद हुआ। इसके अलावा, मिथाइलीन डाइक्लोराइड, एसीटोन और हाइड्रोक्लोरिक एसिड जैसे 541.53 किलोग्राम कच्चे माल और ड्रग बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए। मौके से ही मेफेड्रोन बनाने वाले एक केमिस्ट सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने इस पूरे अंतरराष्ट्रीय रैकेट का खुलासा किया, जिसमें उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में छिपे एक मुख्य किरदार की जानकारी मिली।

मार्ग पर उसे धर दबोचा

डीआरआई सूत्रों के अनुसार, यह आरोपी मुंबई से कच्चा माल लाकर बस्ती में ड्रग तैयार करता था और फिर उसे नेपाल सहित अन्य जगहों पर सप्लाई करता था। इस जानकारी के बाद, गोरखपुर और लखनऊ डीआरआई की टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की। दो दिनों की रेकी के बाद, टीम को पता चला कि आरोपी गोरखपुर के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है। इसके बाद स्थानीय और लखनऊ डीआरआई की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोरखपुर से महराजगंज जाने वाले मार्ग पर उसे धर दबोचा।

गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है

पूछताछ के दौरान आरोपी ने ड्रग तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। हालांकि एजेंसी ने अभी तक उसकी पहचान उजागर नहीं की है। डीआरआई के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस गिरफ्तारी से कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। यह भी माना जा रहा है कि आरोपी के गोरखपुर और महराजगंज में फैले नेटवर्क पर आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। यह गिरफ्तारी इस बात का संकेत है कि देश के छोटे शहरों में भी अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट अपनी जड़ें फैला रहे हैं, और डीआरआई लगातार इन गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है।

Also Read: गाजीपुर का नाम बदलने के लिए बीजेपी विधायक ने केंद्र व राज्य सरकार को लिखी चिट्ठी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.