Barabanki News: चकबंदी के कामों में नहीं चलेगी ढिलाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चकबंदी कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चकबंदी कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य मिशन मोड में तय समय पर पूरे किए जाएं।

गांववार प्रगति की समीक्षा
डीएम ने भदरास, मवइया, रसूलपुर और कान्हीपुर गांवों में चल रहे कार्यों की रिपोर्ट ली और शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। सहावर, बिजौली, डिंगरी और बच्छराजमऊ की प्रगति पर संतोष जताते हुए लंबित आपत्तियों को तुरंत निपटाने को कहा। वहीं लाही, बबुआपुर, ओदार, जासेपुर और सलेमाबाद में कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई और तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि चकबंदी से जुड़े पुराने मुकदमे किसानों की सबसे बड़ी समस्या हैं। इन्हें मेरिट के आधार पर प्राथमिकता से निपटाया जाए, ताकि किसानों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने चकबंदी अधिकारियों से निस्तारित मुकदमों की प्रगति भी देखी और उन्हें लगातार मॉनिटर करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को चेताया कि हर स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा चकबंदी कार्यों से सीधे किसानों का भविष्य जुड़ा है। यदि कार्य समय से और निष्पक्ष तरीके से पूरे नहीं हुए तो किसानों का प्रशासन पर से भरोसा उठ जाएगा।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप संचालक चकबंदी आलोक कुमार श्रीवास्तव, बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी संजय कुमार विश्वास, चकबंदी अधिकारी बी.के. मिश्रा, सुरेश कुमार शर्मा और सहायक चकबंदी अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: आमिर अली
Also Read: Auraiya News: रिश्वत लेते पकड़े गए SDM, वायरल हुआ CCTV फुटेज, DM ने छीना चार्ज

