रेलवे ट्रैक के बीच लगेगा 70 मीटर लंबा सोलर पैनल, 90 मिनट में हटाना भी आसान
Sandesh Wahak Digital Desk: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) जल्द ही रेलवे ट्रैक के बीच में 70 मीटर लंबा नया सोलर पैनल सिस्टम लगाने जा रहा है। खास बात यह है कि इस पैनल को जरूरत पड़ने पर महज 90 मिनट में हटाया या दोबारा लगाया जा सकता है। यानी ट्रैक की मरम्मत या अन्य तकनीकी कामों में कोई दिक्कत नहीं होगी।
बरेका ने इससे पहले भी इसी तरह का पैनल लगाया था और अब एक और ट्रैक पर काम शुरू कर दिया गया है। यह प्रोजेक्ट आने वाले दो महीने में पूरा होने की उम्मीद है।

कैसे काम करेगा यह सोलर पैनल?
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि ट्रैक के बीच लगाए जाने वाले इस सोलर पैनल से बिजली का उत्पादन होगा। जैसे ही पैनल से बिजली बनने लगेगी, रेलवे को बाहर से बिजली खरीदने की जरूरत कम पड़ जाएगी। इससे न सिर्फ बचत होगी, बल्कि रेलवे की आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।
हर पैनल का साइज लगभग 2.2 मीटर x 1.1 मीटर और वजन करीब 32 किलो है। इन्हें खास रबर पैड और एपॉक्सी एडहेसिव से ट्रैक के बीच फिट किया गया है।
पर्यावरण को भी मिलेगा बड़ा फायदा
बरेका का यह प्रयोग सिर्फ पैसे की बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण को भी राहत देगा। सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन कार्बन उत्सर्जन को कम करेगा और रेलवे को और ज्यादा ग्रीन और टिकाऊ बनाएगा।
Also Read: दिल्ली के दरियागंज में पुरानी इमारत ढही 3 की मौत, बचाव कार्य जारी

