पीलीभीत में भीषण सड़क हादसा, कार और टेंपो की टक्कर में 5 की मौत, 5 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: शनिवार को पीलीभीत जिले के जहानाबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हरिद्वार नेशनल हाईवे पर एक कार और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में एक मासूम सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह हादसा जहानाबाद क्षेत्र के बिसेन गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीलीभीत की ओर से आ रहे एक टेंपो में करीब 10 लोग सवार थे। तभी अमरिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गया।
कई लोग हादसे में घायल
हादसे की जानकारी मिलते ही जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जहानाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जिनमें एक दो साल की बच्ची भी शामिल थी। बाकी पाँच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में जान गंवाने वालों में नौगवां पकड़िया की रहने वाली राजदा (45 वर्ष), उनकी दो वर्षीय नातिन हमजा, पश्चिम बंगाल के जानिसार, टेंपो चालक विजय (30 वर्ष) और फरीदा शामिल हैं। वहीं, मुस्कान, फरजंद अली, सहरीना और फैजुल समेत पाँच लोग घायल हैं।
इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में पाँच लोगों की मौत हुई है और बाकी घायलों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों का पंचनामा करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: Bareilly News: फर्जी भारतीय पहचान बनाकर रह रही 3 बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, पूछताछ…

