जब अमेरिका हम पर 50% टैरिफ लगाए तो हम 100% क्यों नहीं, केजरीवाल का मोदी सरकार पर निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने के बाद, आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार को घेरा है। केजरीवाल ने कहा कि जब अमेरिका ने हमारे माल पर इतना भारी शुल्क लगाया है, तो भारत सरकार ने अमेरिकी कपास पर शुल्क क्यों हटा दिया? उन्होंने सरकार के इस फैसले को देश के किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा बताया।
केजरीवाल ने कहा कि पिछले दिनों मोदी सरकार ने अमेरिका से आने वाली कपास पर 11% का आयात शुल्क हटा दिया है। यह फैसला सिर्फ 40 दिनों के लिए लिया गया है, लेकिन इसका सीधा नुकसान भारतीय किसानों को होगा।
उन्होंने कहा, जब अमेरिका से आने वाली कपास सस्ती हो जाएगी, तो हमारे किसान अपनी कपास कहाँ बेचेंगे? उनका कपास खेतों में ही सड़ जाएगा। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह फैसला किसानों और उद्योगों को बर्बाद करके अमेरिका को फायदा पहुँचाने के लिए लिया गया है।

किसान विरोधी है भाजपा
केजरीवाल ने कहा कि अक्टूबर में जब भारतीय किसान अपनी कपास लेकर मंडी पहुँचेंगे, तो उन्हें कोई खरीदार नहीं मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसान विरोधी पार्टी है। उन्होंने कहा, पहले काले कानून लाकर मंडियों को खत्म करने की कोशिश की, और अब अमेरिकी कपास से किसानों की रोजी-रोटी छीनने की साजिश रची जा रही है। केजरीवाल ने कहा कि यह सिर्फ रोजगार और उद्योग का मुद्दा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सम्मान का सवाल है।
Also Read: UP News: सीबीआई का शिकंजा, करोड़ों की अवैध वसूली का अड्डा था सीबीएन का दफ्तर

