Siddharthnagar News: बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे डीएम, तटबंध की सुरक्षा के दिए निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने डुमरियागंज तहसील के भनवापुर विकास खंड में भोजपुर शाहपुर बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बांध की लगातार निगरानी करने और कटान की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

कटान रोकने के लिए लगाए गए पोरक्यूपाइन और गैबियन
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने पाया कि नदी का जलस्तर घटने के बाद बेतनार गाँव में लगभग 250 मीटर तक कटान की स्थिति बन गई है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि तटबंध पूरी तरह से सुरक्षित है और कटान तटबंध से 15 से 20 मीटर दूर हो रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर, बांध को बचाने के लिए 250 मीटर की लंबाई में पोरक्यूपाइन, गैबियन और नायलॉन क्रेट लगाए गए हैं। मौके पर पर्याप्त मात्रा में बाढ़ बचाव सामग्री जैसे सीमेंट बैग, ईंट, रेत, और जियो बैग मौजूद हैं, साथ ही 100 से 120 मजदूर भी काम कर रहे हैं। फिलहाल, स्थिति नियंत्रण में है।
नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ी निगरानी
नेपाल में हुई बारिश के कारण राप्ती बैराज से शुक्रवार को नदी में फिर से ज़्यादा पानी छोड़ा गया है। इसे देखते हुए, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बांध की लगातार निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि तटबंध सुरक्षित रहे और किसी भी तरह की कटान न होने पाए।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Lucknow News: अवैध निर्माण के मायाजाल में फंसे LDA अफसर, चल…

