Jaunpur News: सेल्फी लेने के चक्कर में गोमती नदी में डूबा युवक, हुई मौत

Jaunpur News: सेल्फी का जुनून एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। जौनपुर में गोमती नदी के हनुमान घाट पर सेल्फी लेने के दौरान एक युवक का पैर फिसल गया, जिससे वह नदी की तेज धारा में जा गिरा और डूबने से उसकी मौत हो गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे के बाद नदी किनारे मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू किया, लेकिन युवक देखते ही देखते तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव

पुलिस और गोताखोरों ने नदी में करीब तीन घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को तुरंत अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सुरेश गौतम उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है, जो हुसैनाबाद, थाना लाइन बाजार का निवासी था। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

 

लापरवाही पर उठे सवाल, लोग नहीं मान रहे

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों भारी बारिश के कारण गोमती नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और धारा भी बहुत तेज है। इसके बावजूद, युवा अक्सर जान जोखिम में डालकर खतरनाक जगहों पर तस्वीरें और सेल्फी लेते रहते हैं। इस घटना ने एक बार फिर नदी के किनारे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और लोगों को सतर्क करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। यह हादसा दिखाता है कि एक पल की लापरवाही किस तरह जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।

रिपोर्ट- दीपक सिंह

Also Read: डाक विभाग ने अमेरिका के लिए सभी डाक सेवाओं पर लगाई रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.