बिहार को मिली ‘जीविका निधि’ की सौगात, PM मोदी ने राजद-कांग्रेस पर साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोला।

पीएम ने हाल ही में एक रैली में उनकी मां के लिए इस्तेमाल किए गए अपशब्दों का जिक्र करते हुए कहा हाल ही में राजद-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। यह गालियां सिर्फ मेरी मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां, बहन और बेटी का अपमान है। उन्होंने भावुक होकर कहा गरीब मां की तपस्या और उसके बेटे का दुख, इन शाही खानदानों में पैदा हुए युवराज नहीं समझ सकते। पीएम ने आगे कहा कि उन्हें पता है कि यह सुनकर बिहार की हर मां को कितना दुख हुआ होगा, और इस बात की तकलीफ उनके दिल में भी है।

महिलाओं की आर्थिक आजादी पर जोर

पीएम मोदी ने ‘जीविका निधि’ योजना के बारे में बताते हुए कहा कि यह पहल गांव-गांव में जीविका से जुड़ी बहनों को आसानी से आर्थिक मदद देगी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह डिजिटल व्यवस्था है, जो महिलाओं को उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सबसे बड़ा आधार महिलाएं हैं। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार की कई योजनाओं का जिक्र किया, जैसे मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर, और करोड़ों शौचालयों का निर्माण। उन्होंने लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और बैंक सखि जैसी योजनाओं को भी महिलाओं की सेवा का एक बड़ा यज्ञ बताया।

पीएम मोदी ने कहा बिहार वह धरती है, जहां हमेशा मां का सम्मान सबसे ऊपर रहा है। हमारी सरकार के लिए भी मां की गरिमा और स्वाभिमान सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में बिहार की एनडीए सरकार इन योजनाओं को और भी तेज करेगी।

Also Read: UP News: योगी सरकार का बड़ा फैसला, उत्तर प्रदेश आउटसोर्स…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.