Varanasi News: काशी की कहानियों को मिलेगा नया मंच, युवाओं को बनाया जाएगा मेरी काशी एम्बेसडर
Varanasi News: काशी की विरासत और कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए पर्यटन मंत्रालय, उत्तर प्रदेश पर्यटन और वाराणसी ज़िला प्रशासन ने मिलकर एक अनूठी पहल शुरू की है। बुधवार को आयुक्त कार्यालय परिसर के ऑडिटोरियम में ‘मेरी काशी क्रिएटर्स पाठशाला’ का आयोजन किया गया।

कंटेंट बनाने का प्रशिक्षण दिया
इस कार्यक्रम का मकसद स्थानीय युवाओं और प्रभावशाली लोगों को काशी और सारनाथ की लगभग 170 कहानियों से परिचित कराना और उन्हें सोशल मीडिया के ज़रिये पूरी दुनिया तक पहुंचाना है। पाठशाला में करीब 275 प्रतिभागियों को कहानी कहने की कला, तकनीक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक कंटेंट बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
यूट्यूब टीम ने प्रतिभागियों को बताया कि किस तरह रील बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जा सकता है और कैसे कंटेंट के ज़रिए कमाई के अवसर भी हासिल किए जा सकते हैं। वहीं, विशेषज्ञों ने युवाओं को कहानियों को रोचक और भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने के गुर सिखाए।

पर्यटन को भी बढ़ावा देंगे
आयुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को ‘मेरी काशी पाठ्यक्रम मॉड्यूल’ से जोड़ा जाएगा और उन्हें काशी पर आकर्षक रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिन युवाओं के वीडियो सबसे बेहतर होंगे, उन्हें ‘मेरी काशी एम्बेसडर’ की उपाधि दी जाएगी। ये एम्बेसडर न केवल काशी की कहानियां साझा करेंगे, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देंगे।

जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को आधिकारिक टूरिस्ट गाइड बनने का अवसर भी देगा। पढ़ाई या नौकरी के साथ-साथ वे इससे आजीविका का साधन भी बना सकेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Azamgarh News: सड़क किनारे बोरी में मिला प्रतिबंधित मांस, इलाके में मची सनसनी

