Varanasi News: स्वास्थ्य विभाग की सख्ती से अवैध अस्पताल सील, मचा हड़कंप
Varanasi News: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ चौराहे पर बुधवार को प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना पंजीकरण और बिना लाइसेंस चल रहे एक फर्जी अस्पताल का भंडाफोड़ किया। ‘निशात हॉस्पिटल एंड मेडिकेयर सेंटर’ नाम से संचालित यह अस्पताल पूरी तरह अवैध तरीके से चल रहा था। टीम ने मौके पर अस्पताल को सील कर दिया।
कागजात मांगने पर नहीं दिखा पाए सबूत
कार्रवाई के दौरान अस्पताल के न तो डॉक्टर और न ही स्टाफ अपनी डिग्री, योग्यता या किसी तरह के कागजात पेश कर सके। करीब चार घंटे तक चली इस छापेमारी में अस्पताल की हकीकत उजागर हो गई।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अस्पताल में दो नवजात शिशु भर्ती मिले। इनमें से एक शिशु के परिजन मौके पर मौजूद थे, जबकि दूसरा बच्चा लावारिस हालत में मिला। अस्पताल के कर्मचारी इस शिशु के भर्ती होने और उसके परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लावारिस बच्चे को चाइल्डलाइन को सौंपा गया और दूसरे बच्चे को उसके परिजनों के साथ कबीरचौरा अस्पताल रेफर किया गया।

प्रशासनिक टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार पिंडरा मनोज सिंह, पीएचसी हरहुआ के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार, चौकी प्रभारी अभिषेक राय, राजस्व निरीक्षक भोलाशंकर गौतम, लेखपाल आशीष कुमार, चंद्रप्रकाश यादव, विनोद वर्मा, सुशील श्रीवास्तव, धर्मेंद्र गौड़, एसआई केके वर्मा और कांस्टेबल राकेश कुमार समेत कई अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: Azamgarh News: भूपेंद्र चौधरी का विपक्ष पर वार, ‘केजरीवाल पैटर्न की राजनीति नाकाम साबित होगी’

