चिदंबरम ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए GST दरों में बदलाव का किया स्वागत
Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने जीएसटी (GST) दरों में हाल ही में किए गए बदलावों पर केंद्र सरकार की सराहना करते हुए भी उस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह फैसला स्वागत योग्य है, लेकिन सरकार को अपनी गलती सुधारने में आठ साल लग गए।
मदुरै हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए चिदंबरम ने कहा, हम जीएसटी में बदलाव का स्वागत करते हैं, लेकिन सरकार ने अपनी गलती को आठ साल बाद समझा है। उन्होंने याद दिलाया कि 1 जुलाई 2017 को जब जीएसटी लागू हुआ था, तब कांग्रेस ने ही कई टैक्स स्लैब होने का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि उस वक्त के मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमणियन और कई अर्थशास्त्रियों ने भी सरकार को यह सलाह दी थी, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।
चिदंबरम ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, इन आठ सालों तक मध्यम वर्ग और गरीबों पर भारी बोझ डाला गया। अब जाकर 12 फीसदी और 18 फीसदी की दरों को घटाकर 5 फीसदी किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि अगर आज यह दर सही है, तो क्या यह पिछले सालों में सही नहीं थी? सरकार ने जनता को निचोड़कर उनका पैसा वसूला और अब जाकर दरें घटाई हैं, जिसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।

क्या है जीएसटी का नया ढांचा
जीएसटी परिषद ने हाल ही में भारत के अप्रत्यक्ष कर ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। अब 5% और 18% के दो मुख्य टैक्स स्लैब होंगे। वहीं, तंबाकू, सिगरेट और लग्जरी कारों जैसी हानिकारक और विलासिता की वस्तुओं पर टैक्स की दर 28% से बढ़ाकर 40% कर दी गई है। यह बदलाव 22 सितंबर 2025 से लागू होगा। इस नए ‘सिन टैक्स’ का उद्देश्य इन उत्पादों के उपयोग को हतोत्साहित करना है, जबकि सरकार के लिए अतिरिक्त राजस्व भी जुटाना है।
Also Read: Lucknow News: नगर निगम बैठक में भाजपा पार्षदों की तीखी नोकझोंक, सदन का माहौल गरमाया

