Varanasi News: काशी को विश्वस्तरीय पर्यटन बनाने की तैयारी, पर्यटन मंत्रालय ने लॉन्च किए 11 नए वॉक

Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज़न काशी को एक विश्वस्तरीय पर्यटन हब में बदलने का है। इसी कड़ी में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश पर्यटन और वाराणसी जिला प्रशासन के सहयोग से एक जागरूकता और B2B कार्यशाला का आयोजन किया। कमिश्नरी ऑडिटोरियम सभागार में हुई इस कार्यशाला में वाराणसी और सारनाथ के करीब 250 टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंट और गाइड शामिल हुए।

कार्यशाला की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने की। इस दौरान कमिश्नर एस. राजलिंगम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पर्यटकों का प्रवास बढ़ाना है लक्ष्य

रविंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना है कि काशी और सारनाथ आने वाले पर्यटक सिर्फ एक दिन नहीं बल्कि कम से कम तीन दिन रुकें। यहां अपार संभावनाएं हैं जिन्हें सही ढंग से पर्यटकों तक पहुँचाने की जरूरत है।

पर्यटन मंत्रालय ने विशेषज्ञों की मदद से 170 प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया है और इन्हें शामिल करते हुए 11 नए वॉक रूट तैयार किए हैं। साथ ही काशी और आसपास की जगहों जैसे सारनाथ, चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य, राजदरी-देवदरी जलप्रपात, चुनार किला, विंध्याचल, प्रयागराज और अयोध्या को जोड़ते हुए 8 नए यात्रा कार्यक्रम लॉन्च किए गए हैं।

टूर ऑपरेटरों से अपील

मंत्री जायसवाल ने सभी टूर ऑपरेटर और गाइड से अपील की कि वे अपने टूर पैकेजों में इन नई यात्राओं को शामिल करें ताकि काशी आने वाले पर्यटकों का अनुभव और भी समृद्ध हो सके। उन्होंने कहा कि “पर्यटन समुदाय वाराणसी का चेहरा है, और उनकी जिम्मेदारी है कि पर्यटकों का प्रवास बढ़ाकर काशी की असली झलक दिखाएं।”

प्रशासन का सहयोग

कमिश्नर एस. राजलिंगम ने टूर ऑपरेटरों से नए पैकेजों पर फीडबैक देने और इन स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग की बात कही।

इस कार्यशाला के जरिए पर्यटन मंत्रालय ने न सिर्फ 11 नए वॉक और 8 यात्रा कार्यक्रमों की जानकारी दी, बल्कि ऑपरेटरों को उन्हें पैकेज करने और प्रमोट करने के सही टूल्स भी मुहैया कराए। माना जा रहा है कि इन नए प्रयासों से काशी का पर्यटन अनुभव नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: ABVP के प्रदर्शन को सपा सांसद का समर्थन, अवधेश प्रसाद बोले- लाठीचार्ज सरकार की नाकामी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.