बीएसपी नेता अशोक सिद्धार्थ ने सार्वजनिक रूप से मायावती से मांगी माफी, पार्टी में वापसी की गुहार
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) में इन दिनों बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच, बीएसपी के पूर्व राज्यसभा सांसद और नेता आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने सार्वजनिक रूप से पार्टी सुप्रीमो मायावती से अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी है। उन्होंने मायावती से हाथ जोड़कर पार्टी में वापसी की गुहार लगाई है।
अशोक सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, मैं अशोक सिद्धार्थ, बीएसपी के पूर्व सांसद, बहन मायावती का हृदय से सम्मान और चरण-स्पर्श करता हूँ। उन्होंने स्वीकार किया कि पार्टी का कार्य करते समय उनसे जाने-अनजाने में या कुछ गलत लोगों के बहकावे में आकर जो भी गलतियां हुई हैं, उसके लिए वह हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं।
गलतियों को स्वीकारा, वापस लेने की अपील की
अशोक सिद्धार्थ ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, बहन जी से मैं हाथ जोड़कर अनुरोध करता हूँ कि वे मुझे माफ कर दें। मैं आगे कभी भी गलती नहीं करूँगा और पार्टी के अनुशासन में ही रहकर, उनके मार्गदर्शन में कार्य करूँगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी रिश्तेदारी का कोई नाजायज फायदा नहीं उठाएंगे। उन्होंने खास तौर पर संदीप ताजने (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, महाराष्ट्र) और हेमंत प्रताप (जिला फिरोजाबाद) का नाम लेते हुए कहा कि वह उन लोगों को वापस लेने के लिए कभी सिफारिश नहीं करेंगे, जिन्हें पार्टी से निकाला गया है।
गौरतलब है कि मायावती ने अशोक सिद्धार्थ को 12 फरवरी 2025 को पार्टी विरोधी गतिविधियों और गुटबाजी के आरोप में बीएसपी से निष्कासित कर दिया था। एक समय था जब अशोक सिद्धार्थ मायावती के बेहद करीबी और भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते थे। वह राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं और इससे पहले विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) भी रहे। यह माफीनामा ऐसे समय में सामने आया है जब मायावती ने पार्टी में आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी दी है।
Also Read: UP News: CM योगी ने दी 400 नई बसों की सौगात, महिला परिचालकों को वितरित किया नियुक्ति पत्र

