Gujarat News: पावागढ़ में बड़ा हादसा, रोपवे की रस्सी टूटने से 6 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पावागढ़ शक्तिपीठ में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक मालवाहक रोपवे की रस्सी अचानक टूट गई, जिससे उसमें सवार 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो लिफ्टमैन, दो मजदूर और दो अन्य लोग शामिल हैं। पंचमहाल के कलेक्टर ने इस घटना की पुष्टि की है।
यह हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
पावागढ़ मंदिर में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। इस हादसे के बाद मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में डर और शोक का माहौल है। प्रशासन ने कहा है कि मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी। फिलहाल, हादसे के पीछे के कारणों की जाँच की जा रही है, जिसके बाद ही पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।
Also Read: बरेली पुलिस ने चलाया खास अभियान, 50 लाख रुपये के 265 खोए हुए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

