लखनऊ के 400 से अधिक डॉक्टरों और हेल्थ ऑफिसर्स को नोटिस, ई-संजीवनी सेवा में लापरवाही का आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा में लापरवाही बरतने पर लखनऊ जनपद के 392 मेडिकल अफसर (MO) और 12 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (CHO) सहित कुल 404 स्वास्थ्य कर्मियों को नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एन.बी. सिंह द्वारा की गई है।

अगस्त माह में इन अधिकारियों ने ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म पर एक भी मरीज को ऑनलाइन परामर्श नहीं दिया, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए नोटिस भेजा गया है। साथ ही, अगस्त की प्रोत्साहन राशि रोकने का निर्णय भी लिया गया है।

यह कदम लखनऊ मंडल के अपर निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, डॉ. जी.पी. गुप्ता के निर्देश पर उठाया गया है। उन्होंने लखनऊ सहित मंडल के अन्य पांच जिलों हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव के सीएमओ को पत्र भेजकर निर्देश दिया कि जिन अधिकारियों ने ई-संजीवनी पर कोई परामर्श नहीं दिया है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनके प्रोत्साहन भुगतान को रोका जाए।

क्या है ई-संजीवनी सेवा?

ई-संजीवनी एक राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा है, जिसकी शुरुआत कोविड-19 के दौरान की गई थी। यह सेवा मरीजों को स्मार्टफोन या कंप्यूटर के माध्यम से मुफ्त वीडियो परामर्श प्रदान करती है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच बढ़ाने में यह सेवा अत्यंत प्रभावी साबित हुई है। प्रदेश के सभी सीएचसी, पीएचसी और कई बड़े सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं और यह राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संचालित होती है।

चेतावनी और आगे की कार्रवाई

सीएमओ डॉ. एन.बी. सिंह ने सभी 404 अधिकारियों को व्यक्तिगत चेतावनी पत्र भी जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि अगले माह तक इन अधिकारियों का प्रदर्शन सुधरता नहीं है और तय किए गए लक्ष्यों को पूरा नहीं किया जाता, तो उनके विरुद्ध जिला स्वास्थ्य समिति के माध्यम से अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सख्त कदम इस बात का संकेत है कि सरकार टेलीमेडिसिन सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर गंभीर है और लापरवाही को किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।

Also Read: अब शिक्षकों को नहीं करना होगा इलाज के लिए खर्च, दिवाली से पहले मिलेगा कैशलेस उपचार का लाभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.