J&K: कुलगाम में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर, सेना के अफसर सहित तीन जवान घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के गुड्डार इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी मारा गया, जबकि एक सेना अधिकारी सहित तीन जवान घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने विशेष खुफिया सूचना के आधार पर गुड्डार क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया। सूत्रों के अनुसार, इलाके में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 3–4 आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी सेब के बागान से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया।

स्थिति नियंत्रण में, ऑपरेशन जारी

घटना के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। घायल जवानों में एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) भी शामिल हैं। सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब बाकी आतंकियों की तलाश में इलाके की गहन तलाशी ले रही हैं।

जम्मू, 8 सितंबर कुलगाम में चल रही मुठभेड़ के बीच, जम्मू के आर.एस. पुरा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। बीएसएफ के अनुसार, शुक्रवार देर शाम सीमा स्तंभ के पास संदिग्ध हलचल देखी गई थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी के दौरान एक पाकिस्तानी नागरिक को सीमा पार करते समय पकड़ लिया गया। वर्तमान में पूछताछ जारी है, और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वह सीमा पार क्यों आया, और उसके इरादे क्या थे।

Also Read: लाल किला परिसर से चोरी हुआ एक करोड़ रुपये का कलश हापुड़ से बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.