नेपाल में बवाल के बाद राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा, कई इलाकों में कर्फ्यू
Sandesh Wahak Digital Desk: नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोशल मीडिया पर लगे बैन के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार को शहर के हर संवेदनशील इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने जिन जगहों पर पत्थरबाजी की थी, उन इलाकों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। आम लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है और पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने सभी दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी इन निर्देशों का उल्लंघन न करे।
क्यों हो रहे हैं ये प्रदर्शन
दरअसल, नेपाल सरकार ने 4 सितंबर को फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स (ट्विटर) समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगा दिया था। सरकार का कहना है कि ये कंपनियाँ नेपाल में पंजीकृत नहीं हैं और इनका इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
लेकिन युवाओं ने इस फैसले को अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला माना। इसके विरोध में काठमांडू के मैतीघर मंडला, बनेश्वर और सिंहदरबार जैसे इलाकों में हजारों युवा सड़कों पर उतर आए। देखते ही देखते ये प्रदर्शन हिंसक हो गए। प्रदर्शन की आग काठमांडू से बाहर निकलकर पोखरा, दमक और चितवन जैसे शहरों तक फैल गई। कई जगहों पर सरकारी संपत्तियों में तोड़फोड़ हुई और वाहनों में आग लगा दी गई।

