Hardoi News: मामूली झगड़े के बाद पति बना हैवान, कुल्हाड़ी से ली पत्नी की जान, बेटी को भी किया अधमरा

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसने अपनी 12 साल की बेटी पर भी जानलेवा हमला कर दिया। यह सनसनीखेज वारदात हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के भीखपुर एमा गांव की है।

भीखपुर एमा गांव के रहने वाले रामसनेही (45) का अपनी पत्नी वेदना (35) से रात में किसी बात पर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रामसनेही ने कुल्हाड़ी उठाकर वेदना की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद, उसने अपनी 12 साल की बेटी रेशमा पर भी हमला कर दिया।

बेटी की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने खून से सनी कुल्हाड़ी के साथ रामसनेही को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की सूझबूझ से बाकी पांच बच्चों की जान बच गई।

बेटी की हालत गंभीर, लखनऊ रेफर

हमले में गंभीर रूप से घायल हुई रेशमा की श्वास नली कट गई है, जिसके कारण उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे तुरंत हरदोई मेडिकल कॉलेज से लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी रामसनेही शराब का आदी है और पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Also Read: Lucknow News: मदरसे के छात्रों ने पेश की मिसाल, पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए दान की पॉकेट मनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.