Lucknow News: पुलिस हिरासत से भागा हत्या का आरोपी शिवकुमार चढ़ा एसटीएफ के हत्थे
Lucknow News: पुलिस हिरासत से फरार और हत्या के मामले में वांछित चल रहा अपराधी शिवकुमार उर्फ बबलू को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने लखनऊ के वजीरगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। शिवकुमार बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, जिसके बाद से उसकी तलाश जारी थी।
एसटीएफ के अनुसार, शिवकुमार उर्फ बबलू (59) पर अपने ही बेटे की हत्या का आरोप है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है और इसी बात पर 22 मार्च, 2025 को उसका अपने बेटे से झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर उसने अपने बेटे के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। 19 मई, 2025 को उसे बलरामपुर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन 24 मई को वह पुलिस टीम को चकमा देकर भाग निकला। तब से वह छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ उत्तर प्रदेश की टीम को सूचना मिली थी कि फरार चल रहा शिवकुमार क्लार्क अवध होटल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वजीरगंज थाने में दाखिल किया गया है, जहाँ स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: पीएम मोदी ने धार से की स्वस्थ नारी सशक्त परिवार समेत कई अभियानों की शुरुआत

