यासीन मलिक के दावे पर गरमाई सियासत, यूपीए सरकार ने आतंकवादी से कराई थी शांति वार्ता

Sandesh Wahak Digital Desk: टेरर फंडिंग मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे यासीन मलिक ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उसने दिल्ली उच्च न्यायालय में एक हलफनामा दायर कर कहा है कि 2006 में उसने पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से मुलाकात की थी। इस खुलासे के बाद भाजपा ने तत्कालीन यूपीए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘X’ पर लिखा कि अगर यासीन मलिक के दावे सच हैं, तो यह यूपीए सरकार के राष्ट्रीय सुरक्षा को संभालने के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मालवीय ने आरोप लगाया कि यह मुलाकात मलिक की अपनी पहल नहीं थी, बल्कि भारतीय खुफिया अधिकारियों के कहने पर एक गुप्त शांति प्रक्रिया के तहत हुई थी। उन्होंने आगे दावा किया कि इस मुलाकात के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने व्यक्तिगत रूप से मलिक को धन्यवाद दिया था।

क्या था यासीन मलिक का दावा

अपने हलफनामे में यासीन मलिक ने कहा है कि 2006 में वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आए भूकंप के बाद राहत कार्यों के लिए पाकिस्तान जा रहा था। इसी दौरान, तत्कालीन आईबी (खुफिया ब्यूरो) के विशेष निदेशक वीके जोशी ने दिल्ली में उससे मुलाकात की।

मलिक के अनुसार, जोशी ने उससे अनुरोध किया कि वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री, हाफिज सईद और अन्य चरमपंथी नेताओं से बात करे। जोशी का मानना था कि यह कदम कश्मीर मुद्दे पर शांति प्रक्रिया में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए मददगार साबित होगा।

मलिक ने बताया कि इसी अनुरोध पर उसने हाफिज सईद से मुलाकात की और उनसे कहा कि चरमपंथ और शांति वार्ता एक साथ नहीं चल सकती। पाकिस्तान से लौटने पर वीके जोशी ने उससे मिलकर तुरंत प्रधानमंत्री को जानकारी देने का अनुरोध किया।

मलिक ने दावा किया कि उसी शाम वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिले, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एनके नारायण भी मौजूद थे। मलिक के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उसके प्रयासों के लिए उसका आभार व्यक्त किया, लेकिन 13 साल बाद इस मुलाकात को उसके खिलाफ इस्तेमाल किया गया। उसने कहा कि उसके साथ विश्वासघात किया गया, क्योंकि शांति का दूत समझे जाने के बजाय, इस मुलाकात को गलत तरीके से पेश किया गया।

Also Read: वोट चोरी पर सियासी घमासान, राहुल गांधी के बयान पर गिरिराज सिंह ने जताई गृहयुद्ध की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.