जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ जारी, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। किश्तवाड़ जिले में शनिवार को भी आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया गया, जबकि पुंछ जिले में एक बड़े ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।

भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने अपनी आधिकारिक ‘X’ पोस्ट में बताया कि किश्तवाड़ में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए ऑपरेशन में सुरक्षा बलों की टुकड़ियों का आतंकवादियों से सामना हुआ। 19 सितंबर, 2025 की रात करीब 8 बजे दोनों तरफ से गोलीबारी हुई और फिलहाल यह ऑपरेशन जारी है।

वहीं, पुंछ जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ चलाए गए एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन में सेना को बड़ी कामयाबी मिली है। व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान एक एके सीरीज की राइफल, चार एके मैगजीन, 20 हैंड ग्रेनेड और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई।

आतंकवाद के पूरे नेटवर्क को खत्म करने पर जोर

जम्मू-कश्मीर में सेना और सुरक्षा बल सिर्फ आतंकवादियों को ही नहीं, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क को निशाना बना रहे हैं। इसमें ड्रग्स और हवाला रैकेट चलाने वाले लोग भी शामिल हैं। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि ड्रग्स की तस्करी और हवाला के जरिए जुटाया गया पैसा आखिरकार आतंकवादियों तक पहुंचता है।

ड्रग्स तस्करों और हवाला रैकेट चलाने वालों पर कार्रवाई करना, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के पूरे इकोसिस्टम को खत्म करने की एक नई रणनीति का हिस्सा है। खुफिया एजेंसियों ने कई मामलों में इन गतिविधियों के तार नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पार से जुड़े पाए हैं। जम्मू-कश्मीर में 740 किलोमीटर लंबी एलओसी और 240 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है।

Also Read: राप्ती नदी की कटान से बलरामपुर का चौक कला गांव खतरे में, ग्रामीणों ने सरकारी लापरवाही का लगाया आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.