भत्तों में बढ़ोतरी और डिजिटल उपकरणों की सौगात, चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाज के सबसे वंचित तबकों तक अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। नीतीश सरकार ने महादलित विकास मिशन के तहत काम कर रहे विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों के भत्तों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। साथ ही इन्हें डिजिटल उपकरणों से लैस करने की घोषणा भी की गई है।

सीएम नीतीश कुमार ने खुद ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने में विकास मित्रों की अहम भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उन्हें आधुनिक संसाधनों से सक्षम बनाने का फैसला किया है।

विकास मित्रों को मिलेगा टैबलेट भत्ता

सरकार की ओर से हर विकास मित्र को टैबलेट खरीदने के लिए 25,000 रुपये की एकमुश्त राशि दी जाएगी। यह सुविधा उन्हें लाभार्थियों का डेटा संग्रह और अन्य कार्यों को अधिक कुशलता से करने में मदद करेगी।

भत्तों में बढ़ोतरी

परिवहन भत्ता ₹1,900 से बढ़ाकर ₹2,500 प्रति माह कर दिया गया है।
सरकार का कहना है कि इससे विकास मित्रों को फील्ड में काम करने और दस्तावेज जुटाने में सहूलियत होगी।

शिक्षा सेवकों के लिए बड़ा ऐलान

स्मार्टफोन खरीदने के लिए ₹10,000 की राशि दी जाएगी।

शिक्षण सामग्री के लिए प्रति केंद्र वार्षिक राशि ₹3,405 से बढ़ाकर ₹6,000 कर दी गई है।
शिक्षा सेवक ‘अक्षर आंचल योजना’ के तहत महिलाओं को साक्षर बनाने और वंचित वर्गों के बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।

सरकार का मकसद और राजनीतिक संदेश

नीतीश कुमार ने कहा कि इन फैसलों से विकास मित्रों और शिक्षा सेवकों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपने काम को और बेहतर तरीके से अंजाम दे पाएंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम दलित, महादलित, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्गों को साधने की रणनीति है। चुनावी सरगर्मी के बीच नीतीश सरकार का यह फैसला विपक्षी हमलों का जवाब और एक मजबूत राजनीतिक संदेश दोनों देता है।

Also Read: Lucknow News: PCS अधिकारी स्वाति गुप्ता का वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.