महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का X अकाउंट हैक, पाक-तुर्की के झंडे की तस्वीरें पोस्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का सोशल मीडिया अकाउंट X (पहले ट्विटर) रविवार को कुछ देर के लिए हैक हो गया। हैकर्स ने उनके अकाउंट से पाकिस्तान और तुर्की के झंडे वाली तस्वीरें पोस्ट कर दीं, जिससे हंगामा मच गया। यह घटना ऐसे समय में हुई, जब भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का दूसरा मैच खेला जाना था।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह जैसे ही उन्हें हैक होने की जानकारी मिली, तुरंत साइबर क्राइम पुलिस को सूचित किया गया और अकाउंट को वापस पाने की कार्रवाई शुरू की गई।

45 मिनट में अकाउंट रिकवर
उपमुख्यमंत्री की सोशल मीडिया टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 30 से 45 मिनट के भीतर ही अकाउंट को सामान्य कर लिया। इस घटना के बाद डिजिटल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों के सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी और मजबूत कदम उठाने की जरूरत है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी बड़े नेता का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हुआ हो। हाल ही में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का X अकाउंट भी हैक कर लिया गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े करती हैं। एलन मस्क द्वारा संचालित X की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। साफ है कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी भी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।
Also Read: Kanpur News: शातिर ठगों ने बैंक एटीएम बदलकर महिला से उड़ाए 1.46 लाख, पुलिस ने शुरू की जांच

