यौन शोषण के आरोप लगते ही स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती फरार, आश्रम ने तोड़े संबंध
Sandesh Wahak Digital Desk: साउथ वेस्ट दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ थाने में स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी के खिलाफ यौन शोषण और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि 17 छात्राओं ने स्वामी पर सीधे-सीधे शारीरिक छेड़छाड़ और अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाए हैं। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
4 अगस्त 2025 को श्री शृंगेरी मठ के एडमिनिस्ट्रेटर पीए मुरली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्वामी चैतन्यानंद ने अपने संस्थान ‘शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट’ (SRISIIM) में पढ़ रही कुछ छात्राओं के साथ गलत हरकतें की हैं।
पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की तो 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए, जिनमें से 17 ने स्वामी पर गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं ने बताया कि स्वामी उन्हें अश्लील मैसेज भेजता था और शारीरिक छेड़छाड़ करता था। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ महिला फैकल्टी और कर्मचारी उन पर स्वामी की बात मानने के लिए दबाव बनाती थीं।
फर्जी नंबर प्लेट वाली कार बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान संस्थान के बेसमेंट से एक वोल्वो कार बरामद की, जिस पर फर्जी डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट (39 UN 1) लगी हुई थी। जब इस नंबर की जांच की गई तो पता चला कि यह किसी भी एंबेसी से जारी नहीं किया गया है। यह कार स्वामी चैतन्यानंद ही इस्तेमाल करता था। इस मामले में भी एक अलग केस दर्ज किया गया है और कार को जब्त कर लिया गया है।
मामला सामने आने के बाद शृंगेरी शारदापीठ ने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती से अपने सभी संबंध खत्म कर लिए हैं। पीठ ने एक सार्वजनिक बयान जारी कर कहा कि स्वामी का आचरण गलत और मठ के हितों के खिलाफ था। पीठ ने यह भी कहा कि उनके अवैध कामों को लेकर संबंधित अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, संस्थान ने छात्रों के हितों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
Also Read: Lucknow News: नवरात्र पर लाइट गायब, लोगों ने पावर हाउस का किया घेराव

