मां दुर्गा पर अश्लील गाना बनाने वाली यूट्यूबर सरोज सरगम गिरफ्तार
Mirzapur News: मिर्जापुर पुलिस ने एक यूट्यूबर सरोज सरगम और उसके पति को अश्लील गाने और वीडियो बनाकर मां दुर्गा का अपमान करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि 19 सितंबर को सरोज सरगम नाम की इस यूट्यूबर ने अपने चैनल पर एक गाना अपलोड किया था। इस गाने में मां दुर्गा के लिए अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मड़िहान थाने में मुकदमा दर्ज किया।
जांच के बाद मंगलवार को पुलिस ने सरोज सरगम और उसके पति राममिलन बिंद को गिरफ्तार कर लिया। राममिलन ही इन आपत्तिजनक वीडियो का निर्माण और संपादन करता था।
संतों की चेतावनी के बाद कार्रवाई
जूना अखाड़े के संत और बढ़ेनाथ मंदिर के महंत डॉ. योगानंद गिरि ने इस वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर यूट्यूबर को गिरफ्तार नहीं किया गया तो संत समाज सड़कों पर उतर आएगा। इस चेतावनी के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, सरोज सरगम मिर्जापुर के गढ़वा गांव की रहने वाली है और उसके यूट्यूब चैनल पर 60 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। पुलिस की साइबर टीम इस मामले से जुड़े अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान यह भी पता चला कि सरोज सरगम ने वन विभाग की 15 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मिलकर उस जमीन को खाली कराया है और इस मामले में भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: लखनऊ में प्लॉट के नाम पर ठगी, रियल एस्टेट कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज

