Balrampur News: 8 लाख की रंगदारी मांगने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले में साइबर अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक लोकप्रिय यूट्यूबर के चैनल को हैक कर 8 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है।

मामला ​जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के चिरैया भीखपुर निवासी विनय कुमार का यूट्यूब चैनल @Factuvinay से जुड़ा हुआ है। यह काफी मशहूर है, जिसके 33.5 लाख सब्सक्राइबर हैं। यह चैनल हर महीने लाखों की कमाई का जरिया है। बीते 9 अगस्त को विनय का चैनल अचानक हैक हो गया। इसके तुरंत बाद उन्हें धमकी भरे कॉल आने लगे, जिसमें हैकर ने चैनल वापस करने के एवज में 8 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।​पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना बलरामपुर में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 09/25 दर्ज कर जांच शुरू की।

रणनीति के तहत हुई आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस मामले के मद्देनजर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसका नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव और उपनिरीक्षक आशुतोष उपाध्याय ने किया। ​पुलिस ने एक सूझबूझ भरी रणनीति तैयार की। पीड़ित विनय कुमार के माध्यम से आरोपियों को रुपये देने के बहाने बिहार के कटिहार रेलवे स्टेशन पर बुलाया गया। जैसे ही दोनों आरोपी प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर पहुंचे, पीड़ित ने पुलिस को इशारा किया और टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

उन्होंने बताया कि ​गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहिल रजा और मोहम्मद शब्बीर रजा के रूप में हुई है, जो पूर्णिया, बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से एक एंड्रॉइड फोन और एक आईफोन-13 बरामद किया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि इस चैनल के मालिक इससे 3 से 4 लाख रुपये मासिक कमाते थे। उन्होंने अब तक 1,60,500 रुपये की वसूली भी कर ली थी और 8 लाख रुपये की नई मांग की थी। पुलिस ने दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर बलरामपुर लाकर कोर्ट में पेश किया।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: वाराणसी में सैकड़ों किसानों ने देखी जॉली एलएलबी 3, फिल्म में झलकी किसानों की पीड़ा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.