Lucknow News: AI जनरेटेड तस्वीरों ने लखनऊ में फैलाई दहशत, तेंदुआ तलाशती रही पुलिस

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में बीते दो दिनों से तेंदुआ दिखने की चर्चा ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। सोशल मीडिया पर लगातार तेंदुए की तस्वीरें वायरल होने लगीं, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस टीमों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ—वायरल तस्वीरें असली नहीं बल्कि AI जनरेटेड थीं।

सोशल मीडिया की तस्वीरों से फैली दहशत

आशियाना और रुचिखंड इलाके में बुधवार देर रात वायरल हुई तस्वीरों में तेंदुआ घूमता दिखाया गया। लोगों ने मैसेज फॉरवर्ड करना शुरू कर दिया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई परिवारों ने बच्चों को घर में बंद कर लिया और लोग गलियों में टॉर्च लेकर खोजबीन करने लगे। गुरुवार को भी दिन में एक और तस्वीर वायरल हुई, जिसमें तेंदुआ सड़क पर दिखाई देने का दावा किया गया।

DFO सितांशु पांडेय और पुलिस टीम ने इलाके में गश्त की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी तेंदुआ देखने की पुष्टि नहीं की। फुटेज और जांच से साफ हो गया कि इलाके में कहीं भी तेंदुआ मौजूद नहीं था। पुलिस ने वायरल फोटो की तकनीकी जांच कराई तो पता चला कि वे सभी AI से बनाई गईं थीं।

नाबालिग हिरासत में, पुलिस की सख्ती

फर्जी तस्वीरें बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, उसी ने तेंदुए की AI फोटो बनाकर इलाके में दहशत फैलाई। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

आशियाना थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने कहा कि संदिग्ध तस्वीरों को देखते हुए इलाके में गश्त बढ़ाई गई है और माइक से लोगों को सचेत किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

Also Read: ओडिशा में बस और ट्रक की टक्कर, 6 लोगों की मौत, कई घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.