Chandauli News: पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल, दूसरा फरार, आठ गोवंश हुए बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई।

मुठभेड़ में एक तस्कर सोनू अंसारी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी छोट्टू यादव अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। साथ ही तस्करी के लिए लाए गए आठ गोवंश भी सुरक्षित बरामद किए गए हैं।

कैसे हुई मुठभेड़?

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप (UP64BT 4656) से अहरौरा (मिर्जापुर) से आठ गोवंशों को बिहार की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खझरा पहाड़ी के पास नाकेबंदी कर दी।

पुलिस ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें सोनू अंसारी (पुत्र स्व. तस्लीम अंसारी, निवासी अहरौरा, मिर्जापुर) के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल तस्कर को तुरंत चकिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

फरार तस्कर की तलाश जारी

घटना के दौरान छोट्टू यादव नामक दूसरा तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में सघन कांबिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पुलिस को क्या मिला?

  • 1 बोलेरो पिकअप (UP64BT 4656)

  • 8 गोवंश (सुरक्षित)

  • 1 तमंचा (315 बोर)

  • 1 जिंदा कारतूस

  • 1 खोखा कारतूस

पुलिस ने क्या कहा?

थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि,

“पशु तस्करी की सूचना पर टीम अलर्ट थी। तस्करों ने जानलेवा हमला किया, लेकिन पुलिस ने संयम और साहस से काम लिया।

घायल तस्कर को अस्पताल भेजा गया है और दूसरे की तलाश जारी है।”

फिलहाल, आगे की कार्रवाई जारी है और घायल तस्कर से पूछताछ के बाद पशु तस्करी के नेटवर्क को लेकर और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

 

रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

Also Read: Lucknow News: चंदौली से 50 हजार का इनामी गैंगस्टर वाराणसी में गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.