बलरामपुर में जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह मामला, वांछित महिला गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले में जबरन धर्म परिवर्तन कराने के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह एक्शन पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत लिया गया है।

शादी का झांसा देकर कराया गया था धर्म परिवर्तन

यह मामला 15 अगस्त 2025 को सामने आया था। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर की एक महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी बेटी को एक युवक शादी का झांसा देकर भगा ले गया है। पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और अगले ही दिन पीड़िता को बरामद कर लिया था।

पुलिस की गहन जांच में यह खुलासा हुआ कि मुख्य अभियुक्त शादाब (पुत्र इकबाल) और उसकी मां जमीलुननिशा ने मिलकर पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसका धर्म परिवर्तन कराया और फिर उसका निकाह करवा दिया।

मुखबिर की सूचना पर घर से हुई गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शादाब को तो पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन उसकी मां जमीलुननिशा फरार चल रही थी। 30 सितंबर को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर, उपनिरीक्षक अनूप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जमीलुननिशा के घर ग्राम लखाही, थाना गौरा चौराहा में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

आपको बता दें कि बलरामपुर में धर्मांतरण गिरोह के मुखिया छांगुर उर्फ जलालुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद से इस तरह के जबरन धर्म परिवर्तन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिन पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: शिक्षक भर्ती घोटाला : बलरामपुर में निकले सबसे ज्यादा फर्जी शिक्षक, 17 लोगों पर मुकदमा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.