रायबरेली के स्कूल में 12वीं के छात्र को बंद कमरे में बेरहमी से पीटा, प्रबंधक समेत तीन शिक्षकों पर केस दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: जिस शिक्षण संस्थान को ‘शिक्षा का मंदिर’ कहा जाता है, वहीं से गुरुजनों द्वारा छात्र की बर्बर पिटाई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र स्थित विवेकानंद चिल्ड्रेन एकेडमी में 12वीं कक्षा के एक छात्र को बंद कमरे में बेरहमी से पीटा गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी

मामला सरेनी थाना क्षेत्र के भोजपुर स्थित विवेकानंद चिल्ड्रेन एकेडमी का है। सगरा पोस्ट, तेजगांव के निवासी ओम प्रकाश निर्मल के बेटे आर्यन निर्मल इसी स्कूल में 12वीं के छात्र हैं। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को किसी बात को लेकर विद्यालय के प्रबंधक रवीन्द्र सिंह, प्रिंसिपल भास्कर सिंह और शिक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बिना किसी पूछताछ के आर्यन को एक कमरे में ले जाकर बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान जातिसूचक गालियां देने और उसका करैक्टर बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप भी लगा है। छात्र के शरीर पर पिटाई के गंभीर निशान मौजूद हैं।

पिटाई के दौरान बहन गुहार लगाती रही

पीड़ित छात्र के परिजनों के मुताबिक, जब छात्र आर्यन को पीटा जा रहा था, तब उसी विद्यालय में कक्षा 9 में पढ़ने वाली उसकी बहन आरोही निर्मल बाहर खड़ी होकर दरवाजा खोलने की गुहार लगाती रही, लेकिन पीटने वालों का मन नहीं पसीजा। यह घटना स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

पिटाई से घायल छात्र आर्यन निर्मल को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्र के बाबा शिव शंकर की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रबंधक समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

सीओ लालगंज, अमित सिंह ने इस संबंध में बताया, “मामला संज्ञान में आया है। मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।” पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जाँच-पड़ताल में जुट गई है।

रिपोर्ट: बबलू सिंह

 

Also Read: ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड में गई थी लखनऊ के किशोर की जान, पुलिस ने झारखंड से पकड़ा मास्टरमाइंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.