Barabanki News: साहब मेरी मौत के लिए पुलिस और दबंग लोग जिम्मेदार, मांगे थे 75 हजार
Barabanki News: जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र के मऊथरी गांव में भीम आर्मी से जुड़े गरीब मजदूर अशोक कुमार (उम्र 38) ने पुलिस की कथित ज्यादती और विपक्षियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने न्याय दिलाने के बजाय अशोक और उसके बेटे रवि कुमार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी और 75 हजार रुपये की अवैध मांग की।
जानकारी के अनुसार 25 सितंबर की रात अशोक और विपक्षी रामू पुत्र नौमीलाल के बीच विवाद हुआ। उसी रात विपक्षी पक्ष शराब के नशे में अशोक के घर घुस आया और गाली-गलौज व मारपीट की, साथ ही अशोक की पत्नी लक्ष्मीवती के साथ अश्लील हरकत की।
परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने उल्टा विपक्षी की तहरीर पर अशोक और उसके परिवार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया।
पूरे गांव में हड़कंप मच गया
परिवार के अनुसार, पुलिसकर्मी और कोतवाल लगातार अशोक और उसके बेटे को थाने में बुलाकर पीटते रहे और फटकारते हुए 75 हजार रुपये की मांग करते रहे। अत्यधिक गरीबी और लगातार प्रताड़ना के चलते 1 अक्टूबर की रात अशोक ने फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। सुबह शव गांव के बाहर पेड़ से लटकता हुआ मिला, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
धमकी और मारपीट के कारण अशोक ने आत्महत्या
अशोक ने मृत्युपूर्व सुसाइड नोट में लिखा कि उसकी मौत के लिए पुलिस और दबंग लोग जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे गरीब हैं और इतने पैसे नहीं दे सकते। मृतक के परिजन और भीम आर्मी के कार्यकर्ता शव लेकर जिला पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई की मांग उठाई। मृतक के भाई और बेटे ने बताया कि लगातार धमकियों और मारपीट के कारण अशोक टूट गया और आत्महत्या कर ली।
यह घटना स्थानीय लोगों में आक्रोश का कारण बनी है और पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े कर रही है।
Also Read: UP STF ने आगरा से 4 करोड़ रुपये की चरस के साथ अंतर्राष्ट्रीय तस्कर को दबोचा

