रांझणा के बाद फिर साथ आए धनुष और आनंद एल राय, तेरे इश्क में का टीज़र रिलीज
Sandesh Wahak Digital Desk: फ़िल्मी दुनिया के दर्शकों का इंतज़ार खत्म हुआ। ‘रांझणा’ जैसी यादगार फ़िल्म बनाने वाले जाने-माने निर्देशक आनंद एल राय अपनी नई फ़िल्म ‘तेरे इश्क में’ के साथ पर्दे पर जादू बिखेरने को तैयार हैं। इस फ़िल्म में उन्होंने एक बार फिर धनुष को कास्ट किया है, जिनके साथ कृति सेनन की नई जोड़ी बनाई गई है।
मेकर्स ने बुधवार को इस फ़िल्म का रोमांस और भावनाओं से भरपूर टीज़र जारी कर दिया है, जिसे देखने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे।
‘तेरे इश्क में’ एक ऐसी प्रेम कहानी है जो आनंद एल राय की पिछली फिल्मों से थोड़ी अलग दिखती है। टीज़र की शुरुआत में एक खुशनुमा शादी का माहौल दिखाया जाता है, जहाँ कृति सेनन की हल्दी की रस्म हो रही है। लोग नाच-गाना कर रहे हैं और कृति को हल्दी लगा रहे हैं।
इसी बीच, धनुष घायल अवस्था में सामने से आते हैं, जिन्हें देखकर कृति हैरान रह जाती हैं। कृति के पास आकर धनुष उनसे कहते हैं, नई जिंदगी शुरू कर रही है, पुराने पाप को धो ले। इसके बाद वह उनके चेहरे पर गंगाजल डाल देते हैं। यह डायलॉग और दृश्य इस प्रेम कहानी में छिपे किसी बड़े रहस्य की ओर इशारा करता है।
इसके साथ ही अरिजीत सिंह की आवाज़ में फ़िल्म के टाइटल ट्रैक की कुछ लाइनें सुनाई देती हैं, जो फ़िल्म के रोमांटिक और भावनात्मक पहलू को और भी गहरा करती हैं।
धनुष बनेंगे वायुसेना अधिकारी ‘शंकर’
फ़िल्म में धनुष ‘शंकर’ नाम के किरदार में दिखेंगे, जो वायुसेना में अधिकारी है। उनकी भूमिका से लगता है कि यह फ़िल्म देशभक्ति के साथ-साथ प्यार की एक नई और दमदार कहानी पेश करेगी। वहीं, कृति सेनन ‘मुक्ति’ के रोल में हैं, जो कहानी का दूसरा बड़ा हिस्सा हैं। दमदार अभिनय के लिए जाने जाने वाले इन दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। ‘तेरे इश्क में’ फ़िल्म 28 नवंबर को हिंदी और तमिल भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
Also Read: Barabanki News: साहब मेरी मौत के लिए पुलिस और दबंग लोग जिम्मेदार, मांगे थे 75 हजार

