Jaunpur News: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के दौरान करंट से झुलसे 11 लोग, चार की हालत गंभीर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के घनघनवा गांव में हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से करीब 11 लोग करंट से झुलस गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों को भर्ती किया गया है और शेष को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।

कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीण दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान प्रतिमा को ले जाते समय कुछ लोग अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे तेज करंट का झटका लगा और कई लोग जमीन पर गिर पड़े।

घायलों में कौन-कौन शामिल

झुलसे लोगों की पहचान अमरजीत बिंद, सुमित्रा बिंद, रीना बिंद, बच्चन बिंद और राम अवध बिंद सहित अन्य के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों की हालत अब स्थिर है, हालांकि एक व्यक्ति की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों में रोष

हादसे के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।

लोगों ने मांग की है कि हाईटेंशन लाइन को रूट से हटाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए प्रशासन सतर्कता बरते।

रिपोर्ट- दीपक सिंह

Also Read: साइबर ठगी का शिकार हुए शख्स को बड़ी राहत, मिर्ज़ापुर पुलिस ने खाते में वापस कराए लाखों रुपये

Get real time updates directly on you device, subscribe now.