IAF चीफ ने पाकिस्तान के झूठे दावों पर कसा तंज, उन्हें मनगढ़ंत कहानी सुनाने दीजिए, हमने अपना काम कर दिया है
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय वायु सेना (IAF) ने एक बार फिर जोर देकर कहा है कि मई में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के पाँच विमानों को मार गिराया था। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने यह दावा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा संयुक्त राष्ट्र में भारत के सैन्य अभियान से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने के बाद दोहराया है।
पाकिस्तानी दावों का मज़ाक उड़ाते हुए वायुसेना प्रमुख ने चुटकी ली। उन्होंने कहा, उन्हें मनोहर कहानियाँ सुनाने दीजिए, हमने अपना काम कर दिया है। उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा, अगर उन्हें लगता है कि उन्होंने हमारे 15 विमान मार गिराए हैं, तो मुझे उम्मीद है कि उन्हें इस बात का यकीन हो गया होगा और जब वे दोबारा लड़ने आएंगे, तो वे मेरे भंडार में 15 कम विमान रख देंगे।
यह टिप्पणी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के उस झूठे दावे के कुछ दिनों बाद आई है, जिसमें उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा था कि पाकिस्तानी सेना ने सात भारतीय विमान मार गिराए हैं। वायुसेना प्रमुख ने आतंकवादियों के ठिकानों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादी अब बड़े स्ट्रक्चर की जगह छोटे स्ट्रक्चर बना रहे हैं, लेकिन हम उनके ठिकाने को कभी भी गिरा सकते हैं।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को 1971 के बाद का सबसे बड़ा ऑपरेशन बताया और जोर देकर कहा कि हमारा निशाना अचूक, अभेद्य और सटीक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण मिशन को तीनों सेनाओं ने मिलकर अंजाम दिया है। नए विमानों की खरीद पर उन्होंने कहा, राफेल हो या SU-57, हमें जहाज चाहिए, जो भी बेस्ट होगा वह हमारी सरकार लेगी। उन्होंने अगस्त में भी यह दावा किया था कि इन पाँच पाकिस्तानी विमानों को S-400 वायु रक्षा प्रणालियों ने मार गिराया था।
Also Read: वियतनाम में तूफान बुआलोई का तांडव, बाढ़-भूस्खलन से अब तक 51 लोगों की मौत

