Sultanpur News: तेज रफ्तार ट्रक ने दो बहनों को रौंदा, विसर्जन से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

Sultanpur News: यूपी के सुल्तानपुर जिले में गुरुवार तड़के हुए एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। 18 वर्षीय रीमा और 12 वर्षीय सीमा प्रतिमा विसर्जन देखकर अपने घर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दोनों की जान चली गई।

यह दर्दनाक घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कमंगढ़ गांव के पास हुई। हादसे में छह अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

विसर्जन देखकर लौट रही थीं दोनों बहनें

परिजनों ने बताया कि रीमा और सीमा पास के गांव में हुए दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मेले को देखकर लौट रही थीं। जैसे ही वे अपने गांव ओदरा के करीब पहुंचीं, तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें और उनके साथ चल रहे अन्य लोगों को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से पूरा इलाका दहल उठा।

दोनों बहनों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बहनों के चाचा छोटे लाल निषाद ने बताया कि यह हादसा उनके घर के पास ही हुआ और सब कुछ कुछ ही पलों में खत्म हो गया।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद गांव में भारी संख्या में लोग जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल इस तरह की घटनाएं होती हैं, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

कोतवाली देहात के एसएचओ अखंड देव मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Also Read: भारत में 9 ब्रिटिश यूनिवर्सिटी खोलेंगी कैंपस, सैन्य सहयोग पर भी बनी सहमति: पीएम मोदी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.