मॉब लिंचिंग पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हुई सरकार, 13.54 लाख की आर्थिक मदद
Sandesh Wahak Digital Desk: ऊंचाहार थाना क्षेत्र में 1 अक्टूबर को भीड़ द्वारा ‘चोर’ समझकर पीटे गए हरिओम की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की है।
शुक्रवार को प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री राकेश सचान और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण मृतक हरिओम के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान सरकार की ओर से परिवार को कुल 13 लाख 54 हजार रुपये की सहायता राशि सौंपी गई।
मंत्रियों ने हरिओम के पिता गंगादीन को 6 लाख 62 हजार रुपये और उनकी पत्नी पिंकी को 6 लाख 92 हजार रुपये के चेक दिए। परिवार को ढांढस बंधाते हुए दोनों मंत्रियों ने कहा कि “सरकार हर कदम पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, न्याय दिलाया जाएगा।”
अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी: असीम अरुण
मौके पर मौजूद समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश में चोर और ड्रोन जैसी अफवाहें फैलाने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा, “कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने कुछ लोगों द्वारा इस घटना को जातिगत रंग देने की कोशिश को भड़काऊ बताते हुए कहा कि यह घटना पूर्व नियोजित नहीं थी, और गिरफ्तार अभियुक्तों में दलित समुदाय के लोग भी शामिल हैं।
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी एनकाउंटर में दबोचा गया
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। अब तक कुल 21 आरोपियों में से 12 गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
- मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया
- शेष 9 आरोपियों की तलाश जारी है
- पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है
पीड़ित परिवार बोले – न्याय पर भरोसा है, मुख्यमंत्री का आभार
मृतक की पत्नी पिंकी ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया है कि इंसाफ जरूर मिलेगा। आर्थिक सहायता मिलने के बाद पीड़ित परिवार विधायक मनोज पांडेय के साथ मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ रवाना हो गया
Also Read: कंगाली से जूझते पाकिस्तान को IMF की फटकार, 11 अरब डालर के व्यापारिक आँकड़ों पर माँगा हिसाब

